आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान 20 दिसंबर (शनिवार) को किया गया. टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे, जबकि खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल टीम का पार्ट नहीं हैं. 16 सदस्यीय टीम में संजू सैमसन भी शामिल हैं. मुंबई स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के हेडक्वार्टर में चयनकर्ताओं की मीटिंग हुई, जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीम का ऐलान किया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद रहे.
टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, हर्षित राणा और ईशान किशन.
शुभमन गिल को बाहर करना हैरत भरा है क्योंकि वो साउथ अफ्रीका सीरीज तक टीम के उप-कप्तान थे. शुभमन को खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा है. अब संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग की जिम्मेदारी निभाएंगे. जितेश शर्मा भी 15 सदस्यीय टीम का पार्ट नहीं हैं. यही स्क्वॉड न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगी.
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को होनी है और इसका खिताबी मुकाबला 20 मार्च को निर्धारित है. गत चैम्पियन भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट के लिए ग्रुप-ए में रखा गया है. इस ग्रुप में संयुक्त राज्य अमेरिका (USA), नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान की टीम्स भी हैं.
