मुरादाबाद। शनिवार को नगर पंचायत भोजपुर में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नगर अध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं, भीम आर्मी के पदाधिकारियों एवं नगरवासियों ने अधिशासी अधिकारी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नगर पंचायत क्षेत्र में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने तथा उसके चारों ओर अंबेडकर पार्क विकसित करने की मांग की गई।
पहले भी उठ चुकी है मांग, अब फिर दोहराया गया ज्ञापन
नगर अध्यक्ष शराफत अली ने बताया कि इससे पूर्व भी 27 जनवरी 2023 को नगर पंचायत प्रशासन को इसी विषय में ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन लगभग दो वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के चलते एक बार फिर 20 दिसंबर 2025 को आज़ाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और नगरवासियों की ओर से संयुक्त रूप से यह मांग दोहराई गई है।

सामाजिक समरसता व प्रेरणा का केंद्र बनेगा अंबेडकर पार्क
शराफत अली ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रतीक हैं। नगर पंचायत में उनकी मूर्ति और पार्क का निर्माण होने से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा और युवा वर्ग को उनके संघर्ष, विचारधारा और योगदान से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अंबेडकर पार्क नगरवासियों के लिए एक प्रेरणास्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
शीघ्र निर्णय लेने की मांग
ज्ञापन सौंपते समय कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की कि इस प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे जनआंदोलन किया जा सकता है।

कई कार्यकर्ता व नगरवासी रहे मौजूद
इस मौके पर गौरव सिंह, अतुल, सुरजीत कुमार, विक्की, सचिन कुमार, दीपक सैनी, विकास कुमार, मोहित कुमार, संजीव कुमार, प्रदीप, शंकर सहित अन्य कार्यकर्ता व नगरवासी मौजूद रहे। @ZAFAR-INN
