मुरादाबाद। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत थाना पाकबड़ा क्षेत्र के ग्राम रतनपुर कला में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों और ग्रामीणों को बाल अधिकारों एवं सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किया गया जागरूक, बाल विवाह और हिंसा के दुष्परिणामों की दी जानकारी
जागरूकता अभियान में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को उनके निजी जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से बताया गया। इसमें बाल विवाह के दुष्परिणाम, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा तथा लैंगिक दुर्व्यवहार से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई।
पॉक्सो कानून और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत उनके अधिकारों से अवगत कराया गया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर हेल्पलाइन 181 सहित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

चाइल्ड लाइन व वन स्टॉप सेंटर की टीम रही मौजूद
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में चाइल्ड लाइन के सुपरवाइजर दीपक कुमार एवं वन स्टॉप सेंटर की मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता श्रीमती तनीषा दिवाकर सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। टीम द्वारा बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपनी समस्याएं साझा करने और सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
