मुरादाबाद। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, मुरादाबाद की 99वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक बैंक मुख्यालय प्रांगण में बैंक अध्यक्ष चौ. विजयभान सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में बैंक की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और सहकारिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह चौहान रहीं मुख्य अतिथि
सहकारिता से बेहतर विश्व के निर्माण पर दिया जोर
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह चौहान ने सामान्य निकाय बैठक के सफल आयोजन पर बैंक प्रबंधन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सहकारी संस्थाओं में निरंतर सुधार हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप भारत सरकार ने अलग से सहकारिता विभाग का गठन किया और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को इसका प्रथम मंत्री बनाया गया। उन्होंने बताया कि सहकारिता की महत्ता को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया गया है। सहकारी बैंक राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों से अलग होते हैं क्योंकि यहां कर्मचारी सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं, जो सहकारिता की आत्मा है।
प्राथमिक समितियों को मिली नई आर्थिक स्वतंत्रता
डॉ. शेफाली सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्राथमिक सहकारी समितियों को बहुउद्देशीय समितियों में परिवर्तित कर दिया गया है, जिससे अब वे स्वेच्छा से किसी भी आर्थिक गतिविधि को शुरू कर सकती हैं। उन्होंने बैंक की प्रगति का श्रेय बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों को देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संयुक्त आयुक्त सहकारिता ने तकनीकी सुधार पर दिया बल
संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक, सहकारिता मुरादाबाद मंडल श्री वीर विक्रम सिंह ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए देश की उन्नति में सहकारिता के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने जिला सहकारी बैंकों में तकनीकी सुधार, नए सदस्यों को जोड़ने तथा बैंक की लाभप्रदता बढ़ाने के लिए ऋण वितरण में विविधीकरण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
सहकारिता से विकास की ओर बढ़ रहा जनपद: आकाश पाल
जिला अध्यक्ष आकाश पाल ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता जनपद को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

बैंक 2024-25 में 27.76 करोड़ रुपये लाभ में,5 प्रतिशत लाभांश देने का निर्णय
बैंक अध्यक्ष चौ. विजयभान सिंह ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में बैंक 27.76 करोड़ रुपये के लाभ में रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में बैंक को एनएएफएस-सीओबी द्वारा सहकारी बैंकों की श्रेणी में सम्पूर्ण भारत में तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
सामान्य निकाय बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अंशधारकों को 5 प्रतिशत लाभांश देने का निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया।
इंटरनेट बैंकिंग व IMPS शुरू, 11 नई शाखाएं प्रस्तावित
बैंक अध्यक्ष ने बताया कि बैंक में आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं जैसे इंटरनेट बैंकिंग एवं IMPS शुरू कर दी गई हैं। बैंक के व्यवसाय विस्तार के लिए 11 नई शाखाएं खोलने तथा 31 बी-पैक्स (B-PACS) गठन की प्रक्रिया चल रही है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा बैंक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 शाखा प्रबंधकों एवं 9 समितियों के सचिवों को सम्मानित किया गया।
बजट एवं प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत
बैंक के सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री प्रेम सिंह ने वर्ष 2025-26 के प्रस्तावित कार्यकलाप, वर्ष 2024-25 का संतुलन पत्र, ऑडिट रिपोर्ट तथा 16,533 लाख रुपये के आय-व्यय बजट का प्रस्ताव रखा, जिसे सामान्य निकाय द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया।

नई योजनाओं का शुभारंभ
बैठक के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए सावधि बचत योजना तथा युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत ऋण वितरण का शुभारंभ भी किया गया।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राकेश सिंह (सदस्य राष्ट्रीय परिषद भाजपा), मनीष सिंह (ब्लॉक प्रमुख मुरादाबाद), उपसभापति कुलदीप सिंह सहित बैंक संचालक मंडल के सदस्य डॉ. निर्दोष सिंह गंधर्व, श्रीमती बबीता, जगजीत सिंह, राहुल राणा, वेदपाल सिंह, श्रीमती माया, बृजपाल सिंह, अमित कुमार, सत्यवीर सिंह, शर्मेन्द्र कुमार एवं श्रीमती भारती चौधरी उपस्थित रहे।
