8 से 10 लाख रुपये की नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ
मुरादाबाद। सदर थाना कोतवाली क्षेत्र के कटरा बाजार में देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाइन से चार पंसारी दुकानों के ताले तोड़ दिए। शातिर चोर छत के रास्ते दुकानों में दाखिल हुए और नकदी व कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी में करीब 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।


सुबह खुलासा होते ही बाजार में मचा हड़कंप
सुबह जब दुकानदारों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदार मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकानों के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा कैश व सामान गायब था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
चार पंसारी दुकानों को बनाया गया निशाना
दुकान स्वामी संजय कुमार ने बताया कि पड़ोस के दुकानदार ने फोन कर ताले टूटे होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि चोरी की शिकार सभी दुकानें पंसारी की हैं, जिनमें परमानंद किस्मत तार, मोतीराम ब्रदर्स (इंद्रेश कुमार), राजीव ब्रदर्स सहित अन्य दुकानें शामिल हैं।


छत के रास्ते दाखिल हुए शातिर चोर
पीड़ित दुकानदारों के अनुसार रोज़ की तरह रात में दुकानें बंद कर ताले लगाकर वे घर चले गए थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए छत के रास्ते दुकानों में प्रवेश किया और देर रात वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोर कहां से आए और कितनी रकम लेकर गए।


व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
कटरा बाजार में एक साथ चार दुकानों में हुई चोरी से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। दुकानदारों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

उच्च अधिकारियों का बयान अभी नहीं
फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी उच्च पुलिस अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
