प्रत्येक विद्यालय में फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश।
ठंड के दौरान विद्यालयों में बच्चों को न हो समस्या, 01 जनवरी से पूर्व पीटीएम कराने के निर्देश।
मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में शिक्षा से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पोषण और बच्चों के सर्वांगीण विकास से संबंधित बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।
विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था यथाशीघ्र सुनिश्चित कराई जाए। इसके लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायत के माध्यम से बेंच का प्रबंध कराया जाए तथा उपलब्धता की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।

ठंड में बच्चों को न हो कोई परेशानी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ठंड के दौरान बच्चों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में सप्ताह में कम से कम एक बार बेहतर तरीके से साफ-सफाई कराई जाए और विद्यालय परिसर व आसपास की झाड़ियों की नियमित कटाई सुनिश्चित की जाए।
लापरवाह सफाई कर्मियों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के जिन सफाई कर्मियों द्वारा विद्यालय परिसर की सफाई में रुचि नहीं ली जा रही है या लापरवाही बरती जा रही है, उनकी सूची तैयार कराई जाए ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

विद्यालयों में पौधारोपण के निर्देश
जिलाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि विद्यालयों में फूलों के पौधे लगाए जाएं। इससे बच्चों के लिए पढ़ाई का बेहतर, स्वच्छ और सकारात्मक माहौल तैयार होगा।
पेरेंट्स टीचर मीटिंग आयोजित करने के निर्देश
बच्चों की ड्रेस, जूते, मोजे आदि की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 01 जनवरी 2026 से पूर्व प्रत्येक विद्यालय में पेरेंट्स टीचर मीटिंग का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए।

आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘पहल’ पुस्तिकाओं की समीक्षा
आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों को गतिविधियों और प्री-एजुकेशन से जोड़ने के लिए निर्धारित ‘पहल’ पुस्तिकाओं के वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने आईसीडीएस अधिकारियों से जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जिन केंद्रों पर अभी तक पुस्तिकाएं नहीं पहुंची हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।
कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में खेल संसाधनों की निगरानी
जनपद में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इन संसाधनों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर सख्ती
विद्यालयों में बनने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों में बर्तन पुराने हो चुके हैं, वहां नए बर्तनों की खरीद तत्काल कराई जाए।

शहरी विद्यालयों में भी सीधे होगी भोजन व्यवस्था
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्र में संचालित परिषदीय विद्यालयों में अब एनजीओ के माध्यम से मध्याह्न भोजन की व्यवस्था नहीं होगी। ग्रामीण क्षेत्रों की तर्ज पर ही शहरी विद्यालयों में भी बच्चों के लिए भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला विकास अधिकारी जी.वी. पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
