पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, अवैध हथियार बरामद
मुरादाबाद। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक वांछित अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अगवानपुर रोड स्थित ग्राम भटवाली के पास निर्माणाधीन पुल के नजदीक गश्त कर रही पुलिस टीम को एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर युवक ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में था फरार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिम पुत्र शौकीन (उम्र लगभग 32 वर्ष), निवासी सोमवार का बाजार, थाना सिविल लाइंस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दो दिन पूर्व नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर फरार चल रहा था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
पूछताछ में अपराध स्वीकार
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुष्कर्म की वारदात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचका।

अवैध हथियार व अन्य सामान बरामद
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने
एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस
एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्र में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
