मुरादाबाद। चर्चित भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड की पैरवी कर रहे जिला पंचायत सदस्य शगुन चौधरी पर छजलैट थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना में वह बाल-बाल बच गए। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शगुन चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह 10 अगस्त 2023 को हुए अनुज चौधरी हत्याकांड की पैरवी कर रहे हैं। इसी रंजिश में आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला किया। बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं, जिनमें एक गोली गाड़ी के शीशे को छूते हुए निकल गई।

सात नामजद, दो अज्ञात पर मुकदमा
पुलिस ने शगुन चौधरी की तहरीर पर असमोली की ब्लॉक प्रमुख के पति प्रभाकर, उनके बेटे अनिकेत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत सात नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
30 लाख की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या 30 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी। इस मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक पहले से ही बलरामपुर जेल में बंद है। हत्याकांड से जुड़े कई अन्य आरोपी भी जेल में निरुद्ध हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
