मुरादाबाद। कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। शहर के व्यस्ततम इम्पीरियल चौराहे पर मोटरसाइकिल सवार एक अधिवक्ता को दबंग युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीट दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 25 दिसंबर की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल अधिवक्ता की पहचान मनोज मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह इम्पीरियल चौराहे पर पहुँचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे चार से पाँच युवकों ने उन्हें घेर लिया और लात-घूंसे व मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से एक आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अन्य आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अधिवक्ता मनोज मिश्रा को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
इस घटना से अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब शहर के मुख्य चौराहे पर एक अधिवक्ता सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है। फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में अधिवक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
