मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। सीधी सराय इलाके में घनी आबादी के बीच फसियों वाली गली के पास शराब के नशे में धुत चार युवकों ने तेज़ रफ्तार टाटा सफारी से सड़क पर जमकर आतंक मचाया। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है।

नशे में तेज़ रफ्तार ड्राइविंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाइट कलर की टाटा सफारी कार में सवार चारों युवक नशे की हालत में थे और वाहन को बेहद लापरवाही व तेज़ गति से चला रहे थे। अचानक तेज़ रफ्तार कार ने संतुलन खो दिया और सड़क पर कहर बनकर दौड़ने लगी।
राहगीरों को मारी टक्कर
कार ने सबसे पहले दो लोगों को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद मौके से भागने की कोशिश में कई अन्य राहगीरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

पलटी कार, आरोपी फरार
लगातार टक्करों के बाद टाटा सफारी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हैरानी की बात यह रही कि कार सवार चारों युवक मौके पर ही गाड़ी से उतरकर आसपास की गलियों से फरार हो गए।
पांच युवक गंभीर घायल
इस दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे खड़े पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना गलशहीद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टाटा सफारी को कब्जे में ले लिया है।

जांच और तलाश जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और नशे में वाहन चलाने वाले फरार युवकों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना ने एक बार फिर नशे में ड्राइविंग और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
