स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध स्की रिज़ॉर्ट शहर क्रांस-मोंटाना (Crans-Montana) में नए साल के जश्न के दौरान एक बार में हुए भीषण धमाके और आग की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में दर्जनों लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना 1 जनवरी की रात उस समय हुई, जब बार में बड़ी संख्या में लोग न्यू ईयर सेलिब्रेशन मना रहे थे।
स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 1:30 बजे ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक बार में अचानक एक तेज़ विस्फोट हुआ। धमाके के तुरंत बाद बार में भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त बार के अंदर 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे, जिससे जान-माल का नुकसान काफी ज्यादा हुआ।
घटना के बाद इलाके में तुरंत आपातकाल लागू किया गया। राहत और बचाव के लिए दर्जनों एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की टीमें और हेलीकॉप्टर मौके पर भेजे गए। स्थानीय अस्पतालों में घायलों की संख्या ज्यादा होने के कारण कुछ गंभीर मरीजों को दूसरे शहरों के अस्पतालों में रेफर किया गया। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है।
स्विस पुलिस ने इस घटना को लेकर साफ किया है कि यह कोई आतंकी हमला नहीं है। शुरुआती जांच में आतंकवाद से जुड़े किसी भी तरह के सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि यह हादसा संभवतः तकनीकी खराबी, आग लगने या किसी दुर्घटनावश विस्फोट के कारण हुआ हो सकता है। मामले की गहन जांच जारी है।
