मुरादाबाद।नववर्ष 2026 के पहले दिन आज 01 जनवरी को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर दूर-दराज़ ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न एवं पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
सम्बंधित अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

थाना स्तर पर ही हो समस्याओं का समाधान
एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट किया कि जिन समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उन्हें थाना स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए। इसके लिए फरियादी को अनावश्यक रूप से थाना से पुलिस कार्यालय या अन्य कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को प्रभावी बनाने पर जोर
उन्होंने सभी ग्रामीण थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई प्रणाली और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाया जाए। विशेष रूप से महिला फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय का भरोसा मिल सके।

पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने का संदेश
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का समय रहते समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी समय-समय पर दी जाए।
नववर्ष पर जनता को न्याय का भरोसा
नववर्ष के पहले दिन आयोजित जनसुनवाई ने ग्रामीण क्षेत्र की जनता में यह संदेश दिया कि पुलिस प्रशासन जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील है और हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
@ZAFAR-INN
