हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में नए साल के पहले दिन ही एक जोरदार धमाके से सनसनी फैल गई. यह धमाका सुबह के समय नालागढ़ पुलिस थाने के पास एक गली में हुआ, जिसकी तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. अचानक हुए इस विस्फोट से आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास की इमारतों और आर्मी अस्पताल के शीशे टूट गए. स्थानीय लोगों और प्रवासी मजदूरों का कहना है कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद कुछ पल के लिए धुआं और धूल फैल गई, जिससे कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था. आसपास की चाय की दुकानों पर बैठे लोग भी तेज धमाके से घबरा गए.
पुलिस ने इलाके को घेरा
घटना की जानकारी मिलते ही नालागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया. सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाई गई है. एसपी बद्दी विनोद धीमान भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला से फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है.
धमाके के कारणों पर सस्पेंस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया गया. पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है. प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही धमाके के कारणों का खुलासा होने की संभावना है.
