मुरादाबाद। नए साल के जश्न के दौरान मुरादाबाद में सत्ता की सहयोगी पार्टी के एक नेता और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) स्तर के अधिकारी के बीच कथित तौर पर जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। घटना साइड पोस्टिंग में तैनात एक ASP के सरकारी आवास की बताई जा रही है, जहां न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान माहौल बिगड़ गया।
न्यू ईयर सेलिब्रेशन में शुरू हुआ विवाद
सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले सरकार की दो सहयोगी पार्टियों के नेता ASP के सरकारी आवास पर नए साल का जश्न मनाने पहुंचे थे। कैंप फायर की व्यवस्था थी, खाने-पीने का दौर चल रहा था और कुक लगातार व्यंजन परोस रहा था। आपसी जान-पहचान होने के चलते शुरुआत में माहौल सहज रहा।
शराब के बाद बढ़ी तल्खी
बताया जा रहा है कि चार पैग के बाद बातचीत बहस में बदल गई। इसी दौरान एक मंत्री को लेकर चर्चा छिड़ी, जिसमें एक नेता अपनी पार्टी के मंत्री से नज़दीकी संबंधों का उल्लेख करने लगा। आरोप है कि मंत्री को लेकर ASP की ओर से की गई एक टिप्पणी नेता को नागवार गुज़री, जिसके बाद वह खड़ा होकर अधिकारी से बदसलूकी करने लगा।
मारपीट तक पहुंचा मामला
सूत्रों का दावा है कि इसके बाद हालात बेकाबू हो गए और ASP का आपा टूट गया। कथित तौर पर अधिकारी ने अपने ही आवास पर नेता के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव के बाद पिटने वाला नेता किसी तरह वहां से निकल पाया।
दूसरे नेता से भी हाथापाई का आरोप
इतना ही नहीं, आरोप है कि ASP ने दूसरे मौजूद नेता को पकड़ लिया और कैंप फायर से लकड़ी उठाकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। यह नेता भी सरकार के एक सहयोगी दल का पदाधिकारी बताया जा रहा है और हाल ही में एक चर्चित कथित ‘पैकेज’ प्रकरण को लेकर सुर्खियों में रहा है।
मामला दबाने की कोशिशें, राजनीतिक गलियारों में चर्चा
स्थिति बिगड़ने पर महफिल में मौजूद साझा परिचितों को फोन कर किसी तरह मामला शांत कराया गया। फिलहाल घटना को दबाने की कोशिशें किए जाने की चर्चा है, हालांकि सत्ता और सिस्टम के इस कथित टकराव की कहानी मुरादाबाद के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
नोट: यह विवरण सूत्रों पर आधारित है। संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने पर खबर अपडेट की जाएगी।
