मुरादाबाद। 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए परमवीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित फिल्म ‘इक्कीस’ को नववर्ष के अवसर पर मुरादाबाद जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों ने सामूहिक रूप से देखा। इसका आयोजन नगर निगम द्वारा किया गया था। फिल्म देखने के बाद सभी ने शहीद अरुण खेत्रपाल के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।

फिल्म प्रदर्शन में मुरादाबाद कमिश्नर आञ्जनेय कुमार सिंह, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, मेयर विनोद अग्रवाल तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने फिल्म की विषयवस्तु, प्रस्तुति और देशभक्ति से ओतप्रोत संदेश की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
अधिकारियों और विधायकों ने कहा कि महज 21 वर्ष की आयु में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अरुण खेत्रपाल आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि शहादत के बाद अरुण खेत्रपाल को देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि मुरादाबाद नगर निगम द्वारा शहीद अरुण खेत्रपाल की स्मृति में ‘खेत्रपाल द्वार’ का निर्माण कराया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाता रहेगा।
फिल्म देखने के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि फिल्म ‘इक्कीस’ युवाओं को अवश्य देखनी चाहिए, क्योंकि यह फिल्म न केवल देशभक्ति की भावना को मजबूत करती है, बल्कि साहस, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा भी देती है।
