मुरादाबाद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले जागरूकता कार्यक्रम का शुभारम्भ गुरुवार को संभागीय परिवहन कार्यालय, मुरादाबाद में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सदस्य उत्तर प्रदेश विधान परिषद डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024–25 के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में चिंताजनक वृद्धि दर्ज की गई है। सड़क दुर्घटनाओं में अनेक लोगों की जान गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाओं का मुख्य कारण मानवीय लापरवाही, तेज गति, नियमों की अनदेखी तथा यातायात नियमों का पालन न करना है। सड़क दुर्घटनाओं में किसी व्यक्ति की मृत्यु या घायल होने का प्रभाव पूरे परिवार पर मानसिक और आर्थिक रूप से पड़ता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (यातायात), मुरादाबाद ने बताया कि वर्ष 2024–25 में जनपद मुरादाबाद में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 340 लोगों की मृत्यु हुई जबकि 800 से अधिक लोग घायल हुए। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में लगभग पांच गुना वृद्धि दर्ज की गई है, जिसे शासन के निर्देशानुसार “जीरो फेटेलिटी” लक्ष्य के तहत कम करना अत्यंत आवश्यक है।
संभागीय परिवहन अधिकारी, मुरादाबाद श्री राजेश सिंह ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स जिस प्रकार प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन का पालन करते हैं, उसी प्रकार यदि आम नागरिक भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग, जागरूक एवं अनुशासित रहें, तो सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम में जिला सीएमओ डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों को जिला अस्पताल लाने वाले नेक व्यक्ति को यदि स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो वह सरकार की “राह-वीर योजना” के अंतर्गत मिलने वाली पुरस्कार राशि से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना की सूचना तुरंत 108 या 112 नंबर पर दें।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार हेतु जनजागरूकता ऑटो एवं होर्डिंग्स को शहर के विभिन्न मार्गों के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी के 50 छात्र-छात्रा कैडेट्स को सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन संभागीय निरीक्षक पवन कुमार सोनकर ने किया। इस मौके पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन एवं प्रवर्तन), यात्री/मालकर अधिकारी सहित कई विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
