1 से 31 जनवरी तक चलेगा जागरूकता अभियान, युवाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए किया गया प्रेरित
मुरादाबाद। परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जाने वाले “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” जागरूकता कार्यक्रम का शुभारम्भ गुरुवार को किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. जयपाल सिंह (व्यस्त) जी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
यातायात नियमों के पालन पर जोर
सड़क सुरक्षा प्रभारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने छात्रों को यातायात नियमों के पालन का महत्व बताते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।

छात्रों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय भोजपुर, मुरादाबाद से एन.एस.एस. प्रभारी डॉ. अमित कुमार, सड़क सुरक्षा प्रभारी डॉ. मनोज कुमार पारस सहित एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्रों ने सक्रिय सहभागिता की। छात्रों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ ली और विभिन्न जागरूकता संदेशों के माध्यम से सुरक्षित यातायात का संदेश समाज तक पहुंचाया।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया गया कि सभी नागरिक स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सके और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।
