मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने शुक्रवार रात्रि को नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल तथा पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह के साथ शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के निकट स्थित निःशुल्क रैन बसेरा, पुराना रोडवेज स्थित अस्थायी रैन बसेरा तथा थाना कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मिशन शक्ति केन्द्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं ठंड से बचाव के प्रबंधों को और बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निर्माणाधीन मिशन शक्ति केन्द्र के निरीक्षण के समय अधिकारियों ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की और गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्र महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम होगा, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आमजन की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
@ZAFAR-INN
