मुरादाबाद। मझौला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। डिलीवरी का काम कर घर लौट रहे दो युवकों को अर्टिगा कार ने बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।ई
यह भीषण हादसा 30 दिसंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ। बुद्धिविहार क्षेत्र स्थित एक कंपनी के वेयरहाउस से सामान लेकर ललित चंद्रा अपने सहयोगी के साथ स्कूटर से डिलीवरी के लिए निकले थे। दोनों जैसे ही बुद्धिविहार से मझौला चौराहे की ओर पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर कई मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया और दोनों युवक दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान ललित चंद्रा ने दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने ढिलाई बरती, जिसके कारण आरोपी अब तक पकड़ से बाहर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी होती तो पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा मिलता।
मझौला थाना पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कार की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। लोगों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लग सके।
