भोजपुर/मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर में शनिवार को हज़रत मौला अली के यौमे पैदाइश के मुबारक अवसर पर सेवा, सौहार्द और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक दृश्य देखने को मिला। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच भाजपा के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासित अली के संयुक्त प्रयास से रजाई एवं कम्बल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ठंड से सबसे अधिक प्रभावित गरीब, जरूरतमंद, बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही जरूरतमंद लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने स्वयं लोगों के बीच जाकर रजाइयाँ और कम्बल वितरित किए और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके सार्वजनिक जीवन का मूल मंत्र है। गरीब और असहाय वर्ग की सेवा से बढ़कर कोई बड़ा पुण्य कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि शीतलहर के इस कठिन समय में जरूरतमंदों को राहत देना न केवल सरकार बल्कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और सहायता को पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में ठंड से बचाव के लिए रजाई और कम्बल वितरण जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितैषी और सेवा भाव से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड में असहाय न रहे।
अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासित अली ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता और भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि यौमे पैदाइश जैसे पावन अवसर पर जरूरतमंदों की मदद करना हज़रत मौला अली की शिक्षाओं के अनुरूप है, जो इंसाफ, इंसानियत और सेवा का संदेश देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता शराफत हुसैन अंसारी ने क्षेत्र की जनहित से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए राज्य मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भोजपुर क्षेत्र में उर्दू, संस्कृत एवं स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर की कक्षाएं शुरू किए जाने तथा फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना की मांग की गई। राज्य मंत्री ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए उचित स्तर पर कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

रजाई–कम्बल वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड में यह सहायता उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और सहयोग के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
इस अवसर पर सभासद यासीन मलिक, सभासद तौकीर कुरैशी, अली, रियाजुल अंसारी उर्फ बंटी, कमर अंसारी, गुड्डू अंसारी, नाहिद, मोहम्मद आकिल, वली मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
@ZAFAR-INN
