पारदर्शी और सुव्यवस्थित भर्ती के दिए सख्त निर्देश
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) एवं पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) पदों पर सीधी भर्ती के तहत अभ्यर्थियों की चल रही दस्तावेज़ सत्यापन (DV) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PST) प्रक्रिया का सोमवार को रिज़र्व पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अभ्यर्थियों की एंट्री, दस्तावेज़ों की जांच, माप-तौल व्यवस्था, लाइन प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए की गई मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संपन्न होनी चाहिए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार रखा जाए और महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष सतर्कता व सुविधाओं का ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने, अभ्यर्थियों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा कोरोना/स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भरोसा जताया कि मुरादाबाद पुलिस भर्ती प्रक्रिया को सफल, पारदर्शी और विश्वासपूर्ण ढंग से संपन्न कराएगी।

निरीक्षण के अंत में एसएसपी ने मौके पर तैनात अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।
@ZAFAR-INN
