लापरवाही पर सख्ती, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद की तहसील सदर में सोमवार को आयोजित “सम्पूर्ण समाधान दिवस” के अवसर पर जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, नगर निगम, विकास, विद्युत, जलापूर्ति, राशन, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, हीलाहवाली या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही भूमि विवादों में राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त समन्वय से कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।

समाधान दिवस के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयसीमा निर्धारित कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण की जानकारी शिकायतकर्ताओं को समय पर उपलब्ध कराई जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने आमजन को यह संदेश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है@ZAFAR-INN
