नेपाल के पर्सा और धनुषाधाम जिलों में धार्मिक विवाद के चलते हालात गंभीर हो गए हैं। पर्सा जिले के बीरगंज शहर में उस समय तनाव फैल गया, जब धनुषा स्थित एक मस्जिद में तोड़फोड़ और पवित्र ग्रंथ को जलाए जाने की खबर सामने आई। इस घटना के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन जल्द ही हिंसा में बदल गए। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला एक वीडियो वायरल होने से स्थिति और बिगड़ गई।
भारत-नेपाल सीमा बंद
हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने बीरगंज में कर्फ्यू लागू कर दिया है। इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है। मैत्री पुल समेत सभी सीमा चौकियों पर आवागमन रोक दिया गया है और केवल आपात सेवाओं को ही आने-जाने की अनुमति दी जा रही है। सीमा सुरक्षा बल (SSB) ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी है और हर व्यक्ति की कड़ी जांच की जा रही है।
हालात बने हुए हैं तनावपूर्ण
पथराव की घटनाओं के बाद पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए सीमा क्षेत्रों में डॉग स्क्वायड की टीमें भी तैनात कर दी गई हैं।
