गजरौला।भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में शहबाजपुर डोर में चल रहे बेमियादी धरना स्थल पर बुधवार को एक सराहनीय मानवीय पहल देखने को मिली। धरने में शामिल किसानों और स्थानीय ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां एक विशेष निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
डॉक्टरों की टीम ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
मेडिकल कैंप में डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर दर्जनों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया। साथ ही मेडिकल टीम और मरीजों के लिए ‘अन्नदाता लंगर’ की भी व्यवस्था की गई।
आसपास के गांवों से पहुंचे मरीज
कैंप में शहबाजपुर डोर व आसपास के गांवों से आए लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। जांच कराने वालों में मुनेश्वर चौधरी, फिरासत अली, इरशाद, मंसूर अली, आज़म खान, बाबू खान, आसिफ चौधरी, नूर चौधरी, शौकीन चौधरी, हैदर अली, रुक्मणी, आस्था, आइशिना, फातिमा और रुकसाना शामिल रहीं।
महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान
डॉक्टरों द्वारा सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, ब्लड प्रेशर सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। कई मरीजों को मौके पर ही दवाइयां दी गईं, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया गया।
मानवीय भावना का प्रतीक बताया कैंप
भाकियू संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने मेडिकल कैंप को किसान आंदोलन की मानवीय सोच का प्रतीक बताया। उनका कहना है कि प्रदूषण और कठिन परिस्थितियों के चलते किसान और उनके परिवार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह पहल उनके लिए राहतकारी साबित हुई है।
ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
स्थानीय ग्रामीणों ने इस सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे कैंप आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।
इन चिकित्सकों ने दी सेवाएं
मेडिकल कैंप में प्रमुख रूप से डॉ. गौतम लंबरदार, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. साजिद पाशा के साथ संगीता, प्रदीप, सुंदर शर्मा, अंकित, सलीम परवेज, पायल शर्मा तथा लैब टेक्नीशियन छत्रपाल सिंह ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
