मुरादाबाद।गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी (हाईवे) द्वारा न्यायालय परिसर का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य न्यायालय परिसर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा अपराध नियंत्रण को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता की समीक्षा करना रहा।
निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था, उनकी तैनाती और सतर्कता की बारीकी से जांच की गई। क्षेत्राधिकारी ने ड्यूटीरत पुलिस बल से संवाद कर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी ली और आवश्यक सुधारों को लेकर निर्देश दिए।

इसके साथ ही न्यायालय परिसर में संचालित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया। कंट्रोल रूम में लगे कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग सिस्टम और मॉनिटरिंग व्यवस्था की गहनता से जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रचलित अभिलेखों की भी जांच कर उनके अद्यतन होने की स्थिति को परखा गया।

क्षेत्राधिकारी हाईवे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि न्यायालय परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।

निरीक्षण के अंत में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहते हुए कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इस निरीक्षण से न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
