मुरादाबाद। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनी गईं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक और कानूनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जिन्हें एसएसपी ने एक-एक कर सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फरियादियों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली व संवेदनशील बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों, विशेषकर महिलाओं को अपनी शिकायत लेकर बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए थाने स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों का निस्तारण थाना स्तर पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर वहीं पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाया जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से अपेक्षा की कि वे जनसुनवाई को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे आम जनता के प्रति पुलिस की जिम्मेदारी के रूप में लें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाई जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि जनता की शिकायतों का समाधान ही पुलिस की कार्यप्रणाली का वास्तविक मापदंड है@ZAFAR-INN
