मुरादाबाद।गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में ITSSO पोर्टल पर लंबित अभियोगों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में विभिन्न थानों के संबंधित विवेचक उपस्थित रहे, जिनके समक्ष लंबित मामलों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने ITSSO पोर्टल पर दर्ज सभी लंबित अभियोगों की एक-एक कर गहन समीक्षा की और विवेचकों से प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों में विवेचना अनावश्यक रूप से लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।

एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने विवेचकों को निर्देशित किया कि साक्ष्य संकलन, बयान दर्ज करने एवं विधिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्ध निस्तारण अत्यंत आवश्यक है, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और न्यायिक प्रक्रिया में पुलिस की भूमिका प्रभावी बनी रहे।

गोष्ठी के दौरान उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ITSSO पोर्टल पर अद्यतन जानकारी नियमित रूप से अपडेट की जाए और प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की सही रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि लंबित अभियोगों का त्वरित निस्तारण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा गोष्ठी के माध्यम से विवेचकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता के साथ विवेचना कार्य को आगे बढ़ाया जाए@ZAFAR-INN
