मुरादाबाद।हिंदू कॉलेज परिसर के बाहर बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां परीक्षा देकर बाहर निकल रहे एक छात्र पर दो युवकों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुई इस वारदात से कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
आगजनी की इस घटना में छात्र बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद छात्रों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और घायल छात्र को तत्काल दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल छात्र की पहचान फ़रहाद अली पुत्र नवाब के रूप में हुई है। वह हरथला सब्जी मंडी क्षेत्र का निवासी है और हिंदू कॉलेज में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर का छात्र बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह कॉलेज परिसर से बाहर निकला, पीछे से आए दो छात्रों ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
बताया जा रहा है कि हमले में शामिल एक आरोपी अनुराग है, जो हिंदू कॉलेज में बीए तृतीय सेमेस्टर का छात्र है, जबकि दूसरा युवक आयुष बताया जा रहा है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले के कारणों, आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
