मुरादाबाद। सदर कोतवाली क्षेत्र के विकास मंज़िल इलाके में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब टैक्स से जुड़े विभागों ने एक साथ छापेमारी कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया और कई दुकानों के शटर गिरते नजर आए।
जानकारी के अनुसार फिनाइल और प्लास्टिक रस्सी के कारोबार से जुड़ी एक दुकान पर पहले जीएसटी विभाग की टीम पहुंची। टीम ने दुकान में मौजूद स्टॉक, बिक्री से जुड़े बिल, टैक्स रिटर्न और अन्य जरूरी अभिलेखों की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
कुछ ही देर बाद आयकर विभाग की टीम भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। टीम ने “फाइन” नाम से कारोबार करने वाले व्यापारी के आवास पर छापा मारते हुए घर के अंदर रखे दस्तावेजों, बैंकिंग लेन-देन, खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से तलाशी ली।
संयुक्त कार्रवाई की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। व्यापारियों में डर का माहौल देखने को मिला और कई दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
फिलहाल दोनों विभागों के अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल पूरी होने के बाद ही शाम के समय आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई टैक्स चोरी और संदिग्ध लेन-देन के इनपुट के आधार पर की जा रही है। जांच एजेंसियां मामले को हर दृष्टिकोण से खंगाल रही हैं और आने वाले समय में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
