मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध सभी माध्यमिक विद्यालयों के संचालकों, प्रधानाचार्यों एवं पुस्तक विक्रेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत निःशुल्क प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता एवं पारदर्शिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आरटीई के अंतर्गत निःशुल्क प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सभी प्रमाण पत्रों का सत्यापन सक्षम अधिकारी के स्तर से ही कराया जाएगा, जिससे पात्रता को लेकर किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा पुस्तक विक्रेताओं को विद्यालयों से प्राप्त पाठ्यक्रम संबंधी समस्त विवरण उपलब्ध कराया गया, ताकि निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप पुस्तकों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में संचालित विद्यालयों में पढ़ाई जाने वाली सभी पुस्तकों से संबंधित जानकारी जिले की एनआईसी वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराई जाए, जिससे अभिभावकों और छात्रों को सटीक जानकारी मिल सके।

एनसीईआरटी की पुस्तकों की उपलब्धता के विषय में जिलाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में ही निदेशक एनसीईआरटी को पत्र भेजा जा चुका है। साथ ही उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को पुनः पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि पुस्तकों की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने शिक्षा व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं छात्र हितैषी बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की।
