मुरादाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा पुलिस कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने थाना कांठ का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने सबसे पहले थाना कार्यालय पहुंचकर वहां रखे प्रचलित अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, समय-समय पर अद्यतन किए जाने तथा रिकॉर्ड संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को भी परखा गया।

एसएसपी ने महिला उत्पीड़न एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पीड़ितों से संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कंप्यूटर रूम का निरीक्षण कर डिजिटल रिकॉर्डिंग, ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं तकनीकी संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की।

एसएसपी ने मालखाना का निरीक्षण करते हुए उसमें रखे गए माल की सूची, रख-रखाव एवं अभिलेखीय मिलान की जांच की। उन्होंने मालखाने में साफ-सफाई बनाए रखने और नियमों के अनुसार माल के सुरक्षित संरक्षण के निर्देश दिए। वहीं हवालात का निरीक्षण कर बंदियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन एवं आमजन से व्यवहार को लेकर भी एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस जनता के प्रति मित्रवत और जवाबदेह रवैया अपनाए। उन्होंने कहा कि थाने की छवि ही पुलिस की कार्यशैली को दर्शाती है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए।

निरीक्षण के उपरांत एसएसपी सतपाल अंतिल ने मोड़ी चौराहा, थाना कांठ क्षेत्र में नवनिर्मित पुलिस चेक पोस्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चेक पोस्ट की सुरक्षा व्यवस्था, तैनाती और संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि चेक पोस्ट क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध वाहनों की जांच और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एसएसपी के इस औचक निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में सक्रियता बढ़ी है। अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी@ZAFAR-INN
