मुरादाबाद। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव नैनीताल से दिल्ली की यात्रा के दौरान मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा क्षेत्र में कुछ देर के लिए रुके। हाईवे किनारे स्थित एक लोकप्रिय भोजनालय में उन्होंने सादगी के साथ आम लोगों के बीच बैठकर भोजन किया।
भोजन के दौरान तेजस्वी यादव ने होटल में कार्यरत कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया। बातचीत के क्रम में यह सामने आया कि वहां काम कर रहे कई कारीगर बिहार से ताल्लुक रखते हैं। तेजस्वी यादव ने उनसे उनके पारिवारिक हालात, कार्य परिस्थितियों और रोजगार से जुड़ी जानकारियां लीं तथा कुशलक्षेम पूछी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में होटल पर पहुंच गए। लोगों में उनके साथ तस्वीर खिंचवाने की उत्सुकता देखी गई। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
तेजस्वी यादव का यह सादगीपूर्ण अंदाज और आमजन से सीधा संवाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
