मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के गांव देवापुर में दिल दहला देने वाली वारदात में एक पति ने हैवानियत की सारी सीमाएं लांघते हुए अपनी पत्नी की लोहे के फावड़े से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया और भय का माहौल गहरा गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ, जो पलभर में हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से में बेकाबू हुए पति ने जानलेवा हमला किया, जिससे महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की बर्बरता ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी वरुण और कटघर थाना प्रभारी विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पूरे इलाके को सील कर सघन जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने, हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

हत्या के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है।
