मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सात सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में आवागमन सुगम होने के साथ विकास की गति को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
सड़क निर्माण की इन योजनाओं में बिस्कुट फैक्ट्री नगला हाशा, डोमघर–मोहनपुर मार्ग और चामुंडा मंदिर शेखूपुर खास समेत कई महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं। प्रमुख कार्यों में गागन मोड़ से शिव मंदिर तक संपर्क मार्ग, केडीआरपी मार्ग से बिस्कुट फैक्ट्री होते हुए अब्दुल्लापुर को जोड़ने वाला मार्ग तथा नगला हाशा से इमरतपुर उधो तक सड़क निर्माण शामिल है। इसके अलावा एनएच-509 से मोहनपुर पीतपुर वाया जलालपुर खास, एनएच-509 से रूपपुर–सैफपुर, कुंदरकी से ढकिया जुम्मा और शेखूपुर खास से ढकिया जुम्मा तक संपर्क सड़कों का भी निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, नालियों और जल निकासी की मजबूत व्यवस्था से ग्रामीणों को राहत मिलेगी, साथ ही स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी हों।
विधायक ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजय कश्यप, सहायक अभियंता, ग्राम प्रधान अब्दुल मलिक खान, नदीम अहमद, गौहर आलम, सदाकत, भूरे अय्यूब मियां जान, तौफीक मुल्लाजी, अरविंद ठाकुर, रमन भूषण, नसीम खान, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
