मांगों की आड़ में सजायाफ्ता गैंगस्टर ललित कौशिक को निर्दोष दिखाने की कोशिश पर मचा बवाल
मुरादाबाद। मंगलवार को आयोजित ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन उस वक्त विवादों में घिर गया, जब समाज की विभिन्न मांगों को लेकर बुलाए गए इस कार्यक्रम में कुछ तत्वों द्वारा अचानक सजायाफ्ता गैंगस्टर ललित कौशिक का मुद्दा उठा दिया गया। सम्मेलन के दौरान उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों पर सवाल खड़े करते हुए उसे निर्दोष बताने की कोशिश की गई, जिससे कार्यक्रम की मंशा और आयोजकों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
गौरतलब है कि महानगर के नामचीन स्पोर्ट्स कारोबारी कुशांक गुप्ता, अनुज चौधरी की हत्या और चर्चित चार्टर्ड अकाउंटेंट श्वेताभ तिवारी हत्याकांड का ललित कौशिक मुख्य आरोपी है। इसके अलावा ललित कौशिक पर हत्या, बलात्कार, रंगदारी आदि के दर्जनों संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें दो मुकदमों में उसको सजा भी हो चुकी है। वह वर्तमान में बलरामपुर जेल में बंद है। इसके बावजूद ब्राह्मण समाज की मांगों की आड़ में उसके समर्थन जैसी बातें उठना कई लोगों को चौंकाने वाला लगा।
सम्मेलन में अचानक सजायाफ्ता ललित कौशिक का मुद्दा उठाए जाने से न केवल कार्यक्रम की दिशा भटक गई, बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास भी किया गया। इस घटनाक्रम के बाद महानगर के ब्राह्मण समाज के कई प्रतिष्ठित और जिम्मेदार लोगों ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है।
ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों का कहना है कि किस आधार पर एक कुख्यात गैंगस्टर के खिलाफ की जा रही वैधानिक कार्रवाई को ब्राह्मण समाज के उत्पीड़न से जोड़ा जा रहा है? उन्होंने स्पष्ट कहा कि ब्राह्मण समाज कभी भी अपराध, हिंसा या दुष्कृत्य का समर्थन नहीं कर सकता। ऐसे में एक हत्या आरोपी को समाज के नाम पर बचाने की कोशिश निंदनीय और समाज को बदनाम करने वाली है।
समाज के वरिष्ठ लोगों ने मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि वे कौन से तत्व हैं, जिन्होंने जानबूझकर ब्राह्मण सम्मेलन के मंच का दुरुपयोग करते हुए कुख्यात अपराधी ललित कौशिक का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि ऐसे लोग न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं, बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज को कलंकित करने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रतिष्ठित ब्राह्मण नेताओं और बुद्धिजीवियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि सम्मेलन के मंच से गैंगस्टर के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश के पीछे किसकी मंशा थी।
फिलहाल यह सम्मेलन ब्राह्मण समाज की मांगों से ज्यादा गैंगस्टर ललित कौशिक को लेकर उठे विवाद के कारण चर्चा में है और समाज के भीतर ही इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
