मुरादाबाद। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार इस वर्ष भी 25 जनवरी 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या अथवा मतदाता दिवस के दिन स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “माय इंडिया, माय वोट” विषय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इनमें निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, ड्राइंग एवं क्विज प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी विभागों में कार्यरत अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने बताया कि 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे सभी अधीनस्थ कार्यालयों में मतदाता शपथ दिलाई जाए। यदि उक्त तिथि को साप्ताहिक अवकाश हो, तो संबंधित विभाग अपनी सुविधा के अनुसार 24 जनवरी 2026 अथवा 23 जनवरी 2026 को भी मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य राष्ट्रीय मतदाता दिवस के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं में लोकतांत्रिक सहभागिता और मतदान के प्रति जागरूकता को और अधिक मजबूत करना है।
