मुरादाबाद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत मुरादाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन एवं परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में संभागीय परिवहन कार्यालय द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

शुक्रवार को एस एस चिल्ड्रन एकेडमी, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कांठ रोड में बसंत पंचमी एवं सुभाष चंद्र जयंती के उपलक्ष में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम में संभागीय परिवहन कार्यालय के सहायक निरीक्षक (प्राविधिक) पवन कुमार सोनकर ने एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि हिट एंड रन योजना, ओवरस्पीडिंग, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग जैसे विषयों पर जनसामान्य को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।

अभियान के अंतर्गत सभी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें मानव श्रृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों से स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रशासक डॉ अनिल अग्रवाल, प्रधानाचार्य डॉक्टर श्रीमती बबीता अग्रवाल, निदेशक सुनील अग्रवाल, शैक्षणिक निदेशक अपूर्व अग्रवाल तथा उप प्रधानाचार्य सुप्रिया अग्रवाल ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

इसके अतिरिक्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आनंद निर्मल के नेतृत्व में प्रवर्तन अभियान भी चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) एवं उनकी टीम द्वारा जीरो प्वाइंट, गोल चक्कर, पाकबड़ा सहित अन्य स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 वाहनों के चालान किए गए।
संभागीय परिवहन कार्यालय ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना है। यह अभियान पूरे माह जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
