मुरादाबाद। सी.एल. गुप्ता आई इंस्टीट्यूट, रामगंगा विहार, मुरादाबाद में शनिवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला अस्पताल ब्लड बैंक की टीम द्वारा रक्त संग्रह किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ संस्थान की ट्रस्टी शिखा गुप्ता, संस्थापक सचिव महंत गुरबिंदर सिंह एवं निदेशक डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाता है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. मोहित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान कुल 30 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो शिविर की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से ऐसे रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने से ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनी रहती है और आपात स्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त मिल पाता है।
संस्थान प्रशासन की ओर से रक्तदाताओं के लिए आवश्यक चिकित्सकीय जांच, स्वच्छता एवं सुरक्षा के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं जलपान भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मोहित कुमार, संजीव वर्मा, रवि टंडन, राजकुमार सिंह, आई बैंक मैनेजर दीपक कुमार सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
