Oplus_16908288
मुरादाबाद।उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें माननीय पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा पंचायत भवन सभागार के नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धारित कार्य का लोकार्पण भी किया।

माननीय मंत्री ने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न विभागीय स्टालों का भ्रमण किया और योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों की स्थिति एवं क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में इस प्रकार की प्रदर्शनियां बेहद उपयोगी सिद्ध होती हैं।

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर पंचायत भवन में जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मंडल की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, साथ ही प्रदेश स्तर पर आयोजित यूपी दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी पंचायत भवन सभागार में दिखाया गया।

अपने संबोधन में माननीय मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि
“इस देश पर 600 वर्ष मुगल शासन और 200 वर्ष ब्रिटिश हुकूमत रही, जिससे देश की दिशा और दशा प्रभावित हुई। 15 अगस्त 1947 को देश आज़ाद हुआ और उससे पूर्व 24 जनवरी 1950 को यूनाइटेड प्रोविंस को उत्तर प्रदेश का दर्जा मिला। आज हम प्रदेश का 77वां स्थापना दिवस मना रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश गाय, गंगा, खेती, आध्यात्मिकता और आधुनिकता का संगम है, जहां अन्त्योदय के साथ सुरक्षा और समृद्धि का स्वरूप साकार हो रहा है।
“2017 से हमारी सरकार ने 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाने की परंपरा शुरू की, ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत जन-जन तक पहुंचे।”
मंत्री ने कहा कि
“22 जनवरी 2025 को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरा देश राममय हो गया और हमें श्रीराम का भव्य-दिव्य मंदिर धरोहर के रूप में प्राप्त हुआ।”

उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था है, गुंडागर्दी का अंत हुआ है, हर गरीब को आवास, हर घर जल, किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, डेयरी उद्योग और गन्ना सहित फसलों का वाजिब मूल्य सुनिश्चित किया जा रहा है।
एक्सप्रेसवे, हवाई, रेल और सड़क संपर्क ने प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
अंत में उन्होंने कहा,
“आइए, उत्तर प्रदेश दिवस पर हम खुशहाली और सुशासन का नया इतिहास रचने का संकल्प लें। विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में जनपद मुरादाबाद भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।”
ये रहे मौजूद कार्यक्रम में
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, मेयर श्री विनोद अग्रवाल, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, एमएलसी श्री सतपाल सैनी, एमएलसी श्री गोपाल अंजान, गौ सेवा आयोग के सदस्य श्री दीपक गोयल, जिलाधिकारी श्री अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल, सीडीओ सुश्री मृणाली अविनाश जोशी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
