मुरादाबाद। मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग धर्मपाल सिंह शनिवार को मुरादाबाद के बुद्धि विहार में आयोजित पांच दिवसीय साहित्य महोत्सव में पहुंचे। 22 से 26 जनवरी 2026 तक चल रहे इस साहित्योत्सव का भ्रमण करते हुए उन्होंने आयोजन की भव्यता, व्यवस्थाओं और जनसहभागिता की सराहना की।

मंत्री ने साहित्योत्सव में स्थापित विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक स्टालों का अवलोकन किया तथा स्टॉल संचालकों से संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि युवाओं को पुस्तकों, विचारों और रचनात्मकता से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बनते हैं।

इस अवसर पर मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी अनुज सिंह ने मंत्री को साहित्योत्सव की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव में देश-भर के प्रतिष्ठित प्रकाशकों की ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनका युवाओं और पाठकों में विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला, सरस मेला, हस्तशिल्प स्टॉल तथा पूरे देश के विभिन्न जायकेदार व्यंजनों की उपलब्धता इस महोत्सव को और भी विशेष बना रही है।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि साहित्य महोत्सव जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच, सांस्कृतिक चेतना और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, साहित्यकार, कलाकार एवं बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। साहित्योत्सव में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि मुरादाबाद साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहा है।
