अमरोहा। भारत में बीबीसी की पहचान रहे, वरिष्ठ पत्रकार एवं भारत प्रेमी सर मार्क टली के निधन पर अमरोहा जनपद के पत्रकारों में गहरा शोक व्याप्त है। मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति तथा स्वतंत्र पत्रकारों ने उनके निधन को भारतीय पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया गया कि भारत में बीबीसी के पूर्व संवाददाता सर मार्क टली का रविवार को नई दिल्ली स्थित मैक्स अस्पताल, साकेत में निधन हो गया। वे लगभग 90 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पत्रकारों ने कहा कि मार्क टली और बीबीसी एक-दूसरे के पर्याय थे। निर्भीक, निष्पक्ष और गहन पत्रकारिता की जब भी चर्चा होगी, सर मार्क टली का नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा। उनका जाना न केवल पत्रकारिता जगत बल्कि भारत को समझने वाले बौद्धिक समाज के लिए भी एक बड़ी क्षति है।
पत्रकारों ने कहा कि वर्ष 1970 में बीबीसी के भारत संवाददाता के रूप में आए सर मार्क टली ने भारत को केवल कार्यक्षेत्र नहीं, बल्कि अपना घर बना लिया। भारतीय संस्कृति, समाज और जनजीवन में वे पूरी तरह रच-बस गए थे। भारत में रेडियो पत्रकारिता को लोकप्रिय बनाने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा। वे एक खोजी, निर्भीक और भारत के प्रति गहरे लगाव रखने वाले पत्रकार के रूप में जाने जाते थे।
उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के जिलाध्यक्ष एवं यूएनआई के रिपोर्टर महिपाल सिंह ने कहा कि भारत में बीबीसी की पहचान रहे मार्क टली का जाना अत्यंत दुखद है। यह ऐसा है जैसे बीबीसी परिवार से उसके पितामह का साया उठ गया हो। उन्होंने कहा कि पिछली पीढ़ी सौभाग्यशाली रही, जिसने उनके सक्रिय पत्रकारिता काल को नजदीक से देखा।
उन्होंने आगे कहा, “वे हर किसी से, हर समय सीखते रहते थे। भारत के समाज और राजनीति की उनकी समझ अत्यंत गहरी थी, लेकिन वे हमेशा विनम्रता से कहते थे—‘मुझे तो ज्यादा जानकारी नहीं, आप बताइए।’ उनके व्यक्तित्व में ज्ञान का अहंकार नहीं, बल्कि विनम्र विद्वता की चमक थी।” नई दिल्ली से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न समुदायों तक उनकी समझ समान रूप से गहरी थी।
डॉ. महताब अमरोहवी ने उनकी चर्चित पुस्तक ‘नो फुल स्टॉप्स इन इंडिया’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को समझने की इच्छा रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को यह पुस्तक अवश्य पढ़नी चाहिए। इसमें सर मार्क टली सबसे पहले यही समझाते हैं कि भारत को समझना इतना कठिन क्यों है। वे एक ऋषि-सदृश जीवन जीकर संसार से विदा हुए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के संरक्षक तुलाराम ठाकुर, उपाध्यक्ष बी.एस. आर्य, सचिव डॉ. तारिक अज़ीम, qवरिष्ठ पत्रकार परवेज सहारा, मोमीन कुरैशी सहित अमरोहा के विभिन्न पत्रकार संगठनों ने दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके योगदान को पत्रकारिता जगत सदा स्मरण रखेगा।
सर मार्क टली को अमरोहा के पत्रकारों की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
