छात्र प्रस्तुतियों ने दिया एकता, अनुशासन और सामाजिक चेतना का संदेश
मुरादाबाद। एल.एन.एल.एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, किसरौल में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्राह्मण समाज के पुरोधा व विद्यालय के प्रबंधक सुधीर शर्मा (एड.) एवं प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के जयघोषों से गूंज उठा।

ध्वजारोहण के पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों, समूह नृत्य, हास्य नाटिका एवं सामाजिक नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, संविधान के मूल्यों, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों का सशक्त संदेश दिया। प्रस्तुतियों में अनुशासन, देशप्रेम और सामाजिक जागरूकता की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंकज दर्पण अग्रवाल, राजेन्द्र मोहन शर्मा, उदय भान, हृदेश कुमार, डॉ. अंशुमन गौड़ एवं राजीव शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन सुशील विश्नोई एवं श्रीमती मीनू जैन द्वारा संयुक्त रूप से कुशलतापूर्वक किया गया। आयोजन के समापन पर विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर अरविंद कुमार शर्मा, ऋषि, रजत, नीति, पायल, खुशबू, हर्षित, गोविंद, गणेश सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश पाठक एवं प्रबंध समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। संपूर्ण आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
