मुरादाबाद। नशीले पदार्थों की तस्करी पर बड़ी चोट करते हुए एसटीएफ मेरठ और मुरादाबाद पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में गांजे की अब तक की सबसे बड़ी खेपों में से एक को पकड़ लिया। दिल्ली हाईवे पर बागड़पुर ओवरब्रिज के पास की गई घेराबंदी में एक ट्रक से 113 क्विंटल गांजा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि इस नेटवर्क का सरगना अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि उड़ीसा से मुरादाबाद की ओर एक ट्रक भेजा गया है, जिसमें लकड़ियों के नीचे गांजा छिपाकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ मेरठ और पाकबड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर पुलिस के भी होश उड़ गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश (ट्रक मालिक) निवासी जटपुरा थाना डिलारी, नन्हें निवासी जटपुरा थाना डिलारी और आसिफ निवासी कांकरखेड़ा थाना डिलारी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे उड़ीसा से 7 हजार रुपये प्रति किलो की दर से गांजा खरीदते थे और मुरादाबाद व आसपास के इलाकों में 10 हजार रुपये प्रति किलो में खपाते थे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और फरार मास्टरमाइंड समेत पूरे तस्करी नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
