घनी बस्ती में भारी वाहनों की एंट्री पर भड़का जनाक्रोश, शव रखकर प्रदर्शन
अमरोहा। जिले के बछरायूं कस्बे में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घनी आबादी वाले मोहल्ला बकाबाद में बजरी से लदा एक अनियंत्रित ओवरलोड ट्रक ढाई वर्षीय मासूम दक्ष को कुचलता हुआ निकल गया।

मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम और आक्रोश फैल गया।

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा किया और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से कस्बे के भीतर भारी और ओवरलोड वाहनों का बेरोकटोक संचालन हो रहा है, जिसके चलते ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।

मृतक दक्ष, मिठाई और चाय की दुकान चलाने वाले मोनू प्रजापति का इकलौता पुत्र था। बताया गया कि सुबह करीब 6:45 बजे बच्चा दुकान के पास खड़ा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने ट्रक चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया है।
घटना की सूचना पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव तरारा (धनौरा विधानसभा) मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इससे पहले विधायक को बुलाने की मांग को लेकर लोगों ने जमकर विरोध किया।

इस दौरान पीड़ित पिता की विधायक से फोन पर हुई भावुक बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं।

बछरायूं थाना प्रभारी कुलदीप तोमर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। खबर लिखे जाने तक हालात तनावपूर्ण बने हुए थे। स्थानीय लोगों की मांग है कि कस्बे में भारी वाहनों की नो-एंट्री तत्काल लागू की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
यह हृदयविदारक हादसा एक बार फिर अमरोहा जिले में ओवरलोड वाहनों और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहा है।
