बारामती। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार बुधवार को बारामती के काटेवाड़ी स्थित श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। शोकाकुल माहौल में अजित पवार के दोनों बेटों पार्थ पवार और जय पवार ने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों, समर्थकों और राजनीतिक हस्तियों की भारी भीड़ मौजूद रही।

अंतिम संस्कार की रस्मों के दौरान अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार, परिवार के अन्य सदस्य, चाचा शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले भी उपस्थित रहीं। सुप्रिया सुले पूरे समय परिवार के साथ खड़ी नजर आईं।

इस मौके पर देश और राज्य के कई बड़े नेता बारामती पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने भी अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इससे पहले अजित पवार की अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। बारामती की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। बुधवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को काटेवाड़ी स्थित उनके आवास लाया गया था, जहां आम लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

गौरतलब है कि अजित पवार का चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान के क्रैश होने से पहले आसमान में चक्कर लगाने की भी जानकारी सामने आई है।
इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार के साथ उनके सुरक्षा कर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू सदस्य समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
अजित पवार 66 वर्ष के थे। बताया गया कि वह 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में चार रैलियों को संबोधित करने वाले थे। उनके आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है।

राज्य सरकार ने अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मुख्यमंत्री समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।
