मुरादाबाद। संयुक्त आयुक्त उद्योग, मुरादाबाद मंडल योगेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, मुरादाबाद में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्योग बंधुओं द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग बंधुओं द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लिया जाए तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सड़क, नाला और स्ट्रीट लाइट से जुड़े मामलों पर चर्चा
बैठक में लघु उद्योग भारती, मुरादाबाद द्वारा उठाए गए आशियाना से राम गंगा विहार कॉलोनी को जाने वाली सड़क से संबंधित प्रकरण पर चर्चा की गई। नगर निगम के अधिकारियों ने अवगत कराया कि संबंधित मार्ग पर सीवर लाइन का कार्य प्रगति पर है, कार्य पूर्ण होने के उपरांत सड़क निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार दिल्ली रोड मझोली चौक से खुशहालपुर मार्ग के सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा बताया गया हस्तशिल्प जन कल्याण समिति द्वारा मोहल्ला दौलत बाग के वार्ड नंबर 40 गली नंबर 10 की क्षतिग्रस्त सड़क एवं नाली का निर्माण करा दिया गया।
स्ट्रीट लाइट और अवशेष कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश
हस्त शिल्प निर्यातक सर्विस परिषद, मुरादाबाद द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाए जाने से संबंधित प्रकरण पर नगर निगम द्वारा जानकारी दी गई कि आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान कर दी गई हैं तथा स्ट्रीट लाइट स्थापना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
निवेश मित्र पोर्टल और औद्योगिक विकास पर जोर
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो तथा जनपद में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
औद्योगिक विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि एक जनपद–एक उत्पाद योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक उद्यमियों तक पहुंचाया जाए।
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने उद्योग बंधुओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और भविष्य में ऐसी बैठकों के माध्यम से निरंतर संवाद बनाए रखा जाएगा।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, यातायात विभाग, नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा उद्योग बंधु उपस्थित रहे।
