मुरादाबाद। जीएसटी विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दिल्ली से आ रही एक प्राइवेट बस को रोककर उसमें रखी आठ बोरियों को बरामद किया है। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बस के माध्यम से भारी मात्रा में कीमती धातु की अवैध ढुलाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल निगरानी शुरू की और मझोला क्षेत्र से बस का पीछा करते हुए रोडवेज बस अड्डे के पास उसे रोक लिया।
बताया जा रहा है कि शुरुआती इनपुट में चांदी की तस्करी की आशंका जताई गई थी, लेकिन जब बस की तलाशी ली गई तो चांदी के बजाय भारी मात्रा में रांग बरामद हुई। अचानक हुई इस बरामदगी से बस में सवार यात्रियों के साथ-साथ आसपास के व्यापारियों में भी अफरा-तफरी मच गई।
बोरियों पर लिखा था “फुरकान, मुरादाबाद”
जीएसटी टीम ने जब बस नंबर UP 23 AT 5375 को रोका और सघन जांच शुरू की, तो बस के अंदर से आठ बंद बोरियां मिलीं।

इन बोरियों पर स्पष्ट रूप से “फुरकान, मुरादाबाद” अंकित था। जब टीम ने बोरियों के स्वामित्व और माल से संबंधित दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की, तो बस में मौजूद कुछ लोग सवालों से बचते नजर आए।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कई लोगों के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे। कुछ लोग घबराए हुए दिखाई दिए और बार-बार अपने बयान बदलते रहे, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया।
वाहन जब्त, जांच तेज
जीएसटी विभाग ने बिना समय गंवाए कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त कर लिया और उन्हें विभागीय कार्यालय ले जाया गया। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक स्तर पर माल को चांदी समझा जा रहा था, लेकिन विस्तृत जांच के बाद उसमें रांग होने की पुष्टि हुई।

फिलहाल जीएसटी विभाग पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रहा है। माल से जुड़े बिल, कागजात, ट्रांजिट रूट, भेजने वाले और प्राप्तकर्ता की पूरी जानकारी खंगाली जा रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि माल वैध है या फिर कर चोरी और अवैध ढुलाई के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
अधिकारियों का बयान प्रतीक्षित
हालांकि इस कार्रवाई को लेकर जीएसटी विभाग के उच्च अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

लेकिन विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
