नई दिल्ली। भारतीय खेल जगत की महान एथलीट और राज्यसभा सांसद पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह अपने आवास पर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
वी. श्रीनिवासन केंद्र सरकार में पूर्व कर्मचारी रह चुके थे। पीटी उषा के लंबे और संघर्षपूर्ण खेल जीवन से लेकर उनके सार्वजनिक व राजनीतिक सफर तक, श्रीनिवासन हर कदम पर उनके साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्हें पीटी उषा की ऐतिहासिक उपलब्धियों के पीछे एक सशक्त और प्रेरक स्तंभ के रूप में देखा जाता था, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर हर चुनौती में उनका संबल बढ़ाया। दंपति का एक पुत्र है, जिसका नाम उज्ज्वल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से फोन पर बात कर इस दुखद घड़ी में उन्हें सांत्वना दी और उनके पति के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इस अपूरणीय क्षति पर शोक जताते हुए ईश्वर से परिवार को धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी वी. श्रीनिवासन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि वह इस दुखद समाचार से अत्यंत व्यथित हैं और पीटी उषा व शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं प्रकट करते हैं। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।
