मुरादाबाद। परिवहन विभाग मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 (01 जनवरी से 31 जनवरी) के अंतर्गत बुधवार को समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के मूल मंत्र के साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने का संदेश दिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं किसी एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का नुकसान हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को केवल सरकारी अभियान मानकर सीमित नहीं किया जा सकता, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप देना होगा।

ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा—
“सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियम जीवन रक्षक कवच हैं। जब तक हम स्वयं नियमों का पालन नहीं करेंगे, तब तक सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण संभव नहीं है। सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है।”

कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलेभर में जागरूकता रैलियां, विद्यालयों में कार्यक्रम, वाहन चालकों को नियमों की जानकारी तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाए गए। इन प्रयासों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना रहा।

समारोह में आम लोगों से विशेष रूप से अपील की गई कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने पर जोर दिया गया।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा तभी संभव है, जब प्रशासन और नागरिक मिलकर जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश घटनाएं नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सी सतर्कता से रोका जा सकता है।
समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संकल्प लिया और इस संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
