लखनऊ/मुरादाबाद। जनपद की कुंदरकी विधानसभा से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कुंदरकी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक एवं विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की आधारभूत संरचना से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे। उन्होंने नाज़रपुर से गोविंदपुर कला मार्ग पर स्थित भीकनपुर पुल के क्षतिग्रस्त पहुंच मार्ग के पुनर्निर्माण एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त ब्लॉक मुंडापांडेय से कुंदरकी ब्लॉक को जोड़ने वाले जेतीया सादुल्लापुर से जेतीया फिरोजपुर मार्ग पर गागन नदी पर सेतु पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आमजन को बेहतर आवागमन और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि योगी सरकार के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट दृष्टिकोण और प्रभावी निर्णय क्षमता के कारण उत्तर प्रदेश सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाली वास्तविकता बन चुका है। भेंट के दौरान वीर सिंह, के.के. मिश्रा एवं नवदीप यादव भी उपस्थित रहे।
